पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक विवादास्पद मॉडल कंदील बलोच की हत्या के बाद उनके पिता उसके पक्ष में खुलकर सामने आए हैं। डॉन अखबार के मुताबिक कंदील के पिता मोहम्मद अजीम ने संवाददाताओं से कहा, "कंदील मेरी बेटी नहीं, बेटा थी। मैं ने अपना बेटा गंवाया है। उसने हम सबकी मदद की, उस भाई की भी जिसने उसकी हत्या कर दी।''
कंदील के छोटे भाई वसीम ने पुलिस की मौजूदगी में हुए प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बीते शनिवार को उसने कंदील को नशे की दवा देकर उसका गला घोंट दिया क्योंकि उसने परिवार को बदनाम किया था।
वसीम ने कथित तौर पर कंदील को अपना हाई-प्रोफाइल मॉडलिंग करियर छोडने के लिए कहा था।
सोशल मीडिया की विवादित मॉडल कंदील को रविवार को मुल्तान के पास उनके पुश्तैनी घर डेरा गाजी खान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उनके जनाजे में हजारों लोग शरीक हुए।