पाकिस्तान में रविवार को पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) की आजादी को लेकर नारे लगे। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद, गिलगिट, बलूचिस्तान समेत पाक अधिकृत कश्मीर में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और आईएसआई के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने पाक अधिकृत कश्मीर की आजादी को लेकर आवाज बुलंद किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का दावा है कि पाकिस्तान सरकार आईएसआई और आतंकी संगठनों के जरिये मासूम जनता पर अत्याचार कर रही है और निर्दोष लोगों को निशाना बना रही है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार पाकिस्तान सरकार द्वारा पीओके में किए जा रहे मानवाधिकार उल्लंघनों के खिलाफ यहां के निवासी सड़कों पर उतर आए और पोस्टर-बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाए कि पीओके में सामाजिक स्वतंत्रता और मूलभूत अधिकारों जैसी कोई चीज नहीं है। उनके हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। वहां के सभी फैसले पाकिस्तान सरकार के सह पर आईएसआई ले रही है। जो लोग पाकिस्तानी प्रशासन से सहमत नहीं हैं, उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।
आईएसआई के अधिकारी लोगों की आवाज को दबा रहे हैं और बोलने की आजादी के अधिकार का हनन कर रहे हैं। पत्रकार, ब्लॉगर, सामाजिक कार्यकर्ता सभी को निशाना बनाया जा रहा है। आलम यह है कि पीआके, गिलगित बाल्टीस्तान क्षेत्र और बलूचिस्तान में कई हफ्तों से पाकिस्तान के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं।
वहां की मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सेना और पुलिस बल वहां के स्थानीय लोगों पर बर्बर कार्रवाई करते हैं और वहां मानवाधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है। सनद रहे कि पाकिस्तान अपने कश्मीर एजेंडे के तहत हर साल 5 फरवरी को ‘कश्मीर दिवस’ के तौर पर मनाता है।