भारत-पाकिस्तान के रिश्तों को लेकर पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने कहा कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच बेहतर आपसी रिश्ते होने के बावजूद भी इसका असर बेनतीजा रहा। पाक के अंतरिम उच्चायुक्त बासित ने जाते-जाते भारत-पाक के रिश्तों को लेकर पीएम मोदी व पूर्व पाक पीएम नवाज शरीफ के व्यक्तिगत सबंधों की भूमिका पर भी इशारों- इशारों में सवाल उठाए।
भारत में पाकिस्तान के अंतरिम उच्चायुक्त अब्दुल बासित का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ के बेहतर आपसी संबंध होने के बावजूद दोनों देशों के बीच की आपसी तकरार को खत्म करने में और आगे बढ़ने में किसी तरह की मदद नहीं मिली।
बासित ने कहा कि नेताओं के बीच बातचीत बहुत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि हम भारत द्वारा की गई पहल की सराहना करते हैं मगर ये प्रयास किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे। बासित ने पाक के अंतरिम उच्चायुक्त के तौर पर दिए गए अपने अंतिम साक्षात्कार में ये बाते कही।
इससे पूर्व अब्दुल बासित ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंध सुधारने की ‘‘आवश्यकता’’ है। उन्होंने कहा कि इसमें दोनों पक्षों की तरफ से ‘‘आदान- प्रदान’’ की जरूरत है।
बासित ने कश्मीरियों के ‘‘आत्मनिर्णय’’ की अपनी वकालत के साथ ही दोनों देशों के बीच बातचीत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वास्तविक प्रगति के लिए जम्मू कश्मीर मुद्दे का हल होना चाहिए।
बासित ने कहा ‘‘दोनों देशों को इसका निर्णय करने की जरूरत है कि उन्हें किन मुद्दों पर बातचीत करने की जरूरत है....जैसा कि शर्म अल शेख में निर्णय हुआ था, जहां हमने वार्ता को आतंकवाद से अलग करने का निर्णय किया था। हमें उन ताकतों का बंधक नहीं बनना चाहिए जो प्रगति नहीं चाहते।’’
बासित ने यह टिप्पणी एक कार्यक्रम में की जो कि संभवत: पद छोड़ने से पहले नयी दिल्ली में उनका आखिरी सार्वजनिक कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम का आयोजन ‘साउथ एशिया फोरम फॉर आर्ट एंड क्रिएटिव हेरीटेज’ द्वारा किया गया था।
मालूम हो कि वर्ष 2014 में पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ को विशेष न्यौता दिया गया जिसे स्वीकार करते हुए शरीफ ने पीएम मोदी के शपथ ग्रहण सामारोह में शिरकत भी की।
नवाज शरीफ और पीएम मोदी के आपसी संबंधों की बात करें तो आपको बता दें कि पीएम मोदी ने नवाज शरीफ की मां के लिए सॉल भेजा था जबकि शरीफ ने पीएम मोदी की मां के लिए साड़ी भेज कर रिटर्न गिफ्ट दिया।
इसके अलावा अमेरिका की यात्रा के दौरान भारत लौटते वक्त पीएम मोदी ने पाकिस्तान जाकर नवाज शरीफ को उनके जन्मदिन पर बधाई दी थी।