पाकिस्तान की मशहूर अदाकार और गायक सुमबुल खान की हत्या
पाकिस्तान की मशहूर अदाकार और गायक सुमबुल खान की एक निजी पार्टी में डांस करने से मना करने पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। यह वारदात पाकिस्तान के मर्दन शहर में हुई है। खबरों के मुताबिक सुमबुल को अमीरों ने एक निजी पार्टी में परफॉर्म करने के लिए बुलाया था। लेकिन उन्होंने निजी पार्टी में कार्यक्रम पेश करने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद तीन लोग उनके घर में घुसकर उन्हें जबरदस्ती ले जाने की कोशिश करने लगे। सुमबुल ने भागने की कोशिश की तो उन्हें गोलियों से भून दिया गया।
गिरफ्तार किए गए एक आरोपी का नाम नईम खट्टक है और वह पुलिस अधिकारी रह चुका है। इसके अलावा अन्य दो आरोपी फरार हैं। पुलिस अधिकारी सईद खान ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
कौन हैं सुमबुल खान
सुमबुल इकबाल खान
पाकिस्तान के कराची में 30 अगस्त 1992 में पैदा हुईं थीं। 25 वर्षीय सुमबुल पुश्तों भाषा की फिल्मों में एक्टिंग करती थी और गाने भी गाया करती थीं। उन्होंने 'मेरे ख्वाब रेजा रेजा', 'बुरी औरत', 'दिल-ए-एबद', 'राजू रॉकेट' जैसे मशहूर टीवी सीरियल्स में काम किया है। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती थीं।
महिला कलाकारों पर हो रहे हैं हमले
पाकिस्तान में पिछले कुछ सालों में कई महिला कलाकारों पर हमले हुए हैं। एक साल पहले लाहौर में डांसर किसमत बेग की हत्या की गई थी। नवंबर 2016 में वह एक स्टेज प्ले में परफॉर्म कर वापस घर लौट रही थीं। तब मोटरसाइकिल में सवार हथियबंद लोगों ने उन्हें पैर, पेट और हाथों में 11 गोलियां मारी थीं। इस वारदात में गाड़ी चला रहे ड्राइवर को भी गोलियां लगी थीं लेकिन उसकी जान बच गई थी।
सुमबुल की हत्या के बाद पाकिस्तान में काफी आक्रोश है। मशहूर फैशन डिजाइनर माहीन खान ने लोगों से अपील की है कि लोग अपने घर से बाहर निकलें और उनका साथ दें।