पाकिस्तान में फैजाबाद समझौते की मांग को लेकर शुक्रवार को तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) के चीफ खादिम हुसैन रिजवी के समर्थकों ने भारी प्रदर्शन कर लाहौर के कई मुख्य मार्ग को बंद कर दिया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान खादिम अपने समर्थकों से सड़कों पर उतरने के लिए और देश के सभी मुख्य मार्ग को बंद करने का फरमान जारी कर रहा था। लाहौर में डाटा दरबार में समर्थकों को संबोधित करते हुए खादिम ने कहा कि 'आप सभी तब तक ऐसा करते रहें जब तक फैजाबाद समझौते की मांग को मान न लिया जाए।'
बता दें कि रिजवी और टीएलपी के सीनियर नेता बीते हफ्ते से लाहौर में प्रदर्शन कर रहे हैं। इन सभी की मांग है कि फैजाबाद समझौते के 11 बिंदुओं को पूरी तरह से लागू करे।
टीएलपी के चेयरपर्सन पीर अफजल कादरी ने बताया कि 'अगर सरकार ने फैजादाब समझौते के सभी 11 बिंदूओं को नहीं माना जिसमें गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की रिहाई और उनके खिलाफ मामला वापस लेने जैसे प्रावधान शामिल हैं तो पूरा देश सड़कों पर उतरकर इसके खिलाफ भारी विरोध दर्ज करेगा।'
बता दें कि तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान यानी टीएलपी एक इस्लामिक राजनीतिक दल है। जिसका नेतृत्व खादिम हुसैन रिजवी कर रहे हैं।