प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया की ख़बर के मुताबिक पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने ख़ैबर पख़्तूनख़्वा सरकार को आदेश दिया है कि वह करक ज़िले के टेरी गांव में 1997 में तोड़ा गया हिंदू मंदिर फिर से बनवाए।
ख़बरों में कहा गया है कि हिंदू संत परमहंस जी महाराज की समाधि पर बनाए गए मंदिर को कुछ कट्टरपंथियों ने 1997 में तोड़ दिया और वहां किसी तरह का मंदिर नहीं बनने दिया।
पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने यह फ़ैसला सांसद और पाकिस्तानी हिंदू परिषद के संरक्षक रमेश कुमार वंकवानी की अर्जी पर सुनवाई के बाद दिया। वंकवानी ने अर्जी दी थी कि करक के मंदिर समेत तमाम हिंदू मंदिरों के साथ हो रही तोड़फोड़ पर अदालत दखल दे। वंकवानी ने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस प्रमुख और स्थानीय कमिश्नर ने उन्हें बताया कि जिन हिंदुओं के नाम करक का मंदिर था, वे इस्लाम क़बूल कर चुके हैं।