अंतरराष्ट्रीय अदालत (आईसीजे) में भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव के मामले में मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान की बयानबाजी जारी है। पाक की पैरवी कर रहे वकील खावर कुरैशी ने सोमवार को दावा किया कि आईसीजे न तो जाधव को निर्दोष ठहरा सकता है और न ही बरी कर सकता है।
भारत आईसीजे में अपनी जीत का गलत दावा कर रहा है। पाकिस्तान के अटार्नी जनरल अश्तर औसाफ अली से मुलाकात के बाद कुरैशी ने ये बातें कही। नेशन ने कुरैशी के हवाले से लिखा है, ‘मीडिया बेवजह की बातें गढ़ रहा है।’ जल्द ही पाक का विदेश विभाग इस बारे में विस्तृत बयान जारी करेगा। कुरैशी ने मीडिया को जिम्मेदारी से पेश आने की सलाह दी और कहा कि वह पाकिस्तानी अधिकारियों को सम्मान दे।
ब्रिटेन में रहने वाले कुरैशी ने कहा कि भारत इस मामले में अपनी जीत का गलत दावा कर रहा है। हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय अदालत ने जाधव की सजा पर अस्थायी रोक लगाई है। इस मामले में कानून से ज्यादा राजनीतिक प्वाइंट हासिल करने का प्रयास हो रहा है।
यह जान लेना महत्वपूर्ण है कि जाधव को पाकिस्तानी सैन्य अदालत ने कथित जासूसी के आरोप में मौत की सजा सुनाई है। इस पर आईसीजे ने 18 मई को रोक लगा दी थी। इसके बाद पाकिस्तान में विवाद खड़ा हो गया था। आईसीजे में पाकिस्तान का पक्ष सही से न रखने के लिए राजनीतिक विश्लेषकों ने पाक के विदेश विभाग की जोरदार आलोचना की थी।