अपने परमाणु हथियारों का प्रदर्शन करता पाकिस्तान
- फोटो : Reuters
पाकिस्तान की बढ़ती परमाणु शक्ति से अमेरिका चिंतित है। उसे डर है कि पाक के पास बढ़ते परमाणु हथियारों से कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पेंटागन के एक शीर्ष अधिकारी ने यह चिंता जताई है।
अमेरिका की रक्षा खुफिया एजेंसी के निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विंसेट स्टीवर्ट ने बुधवार को सांसदों की एक बैठक को बताया कि पाकिस्तान की परमाणु क्षमता बढ़ने के साथ ही इसके साथ जुड़ा खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपने परमाणु योजना के लिए आतंकियों की तरफ से पैदा होने वाले खतरे के बारे में जानकारी है, लेकिन फिर भी वह इनका भंडारण कम नहीं कर रहा। हालांकि वह परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा में लगातार सुधार करता जा रहा है। स्टीवर्ट ने कहा कि पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा को आतंकियों और अलगाववादी समूहों से सबसे ज्यादा खतरा है।
उन्होंने सांसदों को यह भी जानकारी दी कि पिछले साल भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव कम हुआ है। उन्होंने आशंका भी जताई कि भारत पर कोई बड़ा आतंकी हमला होने पर दोनों देशों के बीच फिर तनाव पैदा हो सकता है।