इमरान खान के नेतृत्व में पाक सरकार द्वारा कश्मीर मामले का हल निकालने के लिए एक प्रस्ताव पर काम किया जा रहा है। पाक कैबिनेट में नई शीर्ष मंत्री ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रस्ताव इसी सप्ताह तैयार कर लिया जाएगा और इसके बाद इसे कैबिनेट में पेश किया जाएगा।पाक की नई कैबिनेट में मानवाधिकार मंत्री शिरीन मजारी ने हालांकि प्रस्ताव के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है लेकिन इस बात के संकेत जरूर दिए हैं कि इमरान सरकार भारत से साथ बातचीत के रास्ते कश्मीर का हल तलाशने में जुटी हुई है।
पाक मानवाधिकार मंत्री शिरीन मजारी ने अपने बयान में स्टेकहोल्डर्स (अन्य पक्षकारों) की भी बात की है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पर अन्य पक्षकारों से भी बातचीत की जाएगी। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या पाकिस्तान कश्मीरी अलगाववादियों से भी प्रस्ताव पर चर्चा करेगा? क्योंकि इमरान सरकार द्वारा अब तक आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई के कोई संकेत नजर नहीं आए हैं। यदि अन्य पक्षकारों में कश्मीरी अलगाववादी शामिल हैं तो भारत की प्रतिक्रिया सकारात्मक होना मुश्किल है।