लोकसभा चुनावों तक भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध सुधारने के लिए कोई भी अहम कदम उठाए जाने की संभावना नहीं है। केंद्र सरकार के अधिकृत सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह बात कही। हालांकि उन्होंने किसी भी तरह के सकारात्मक बदलाव को भी निश्चित तौर पर खारिज नहीं किया। इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के स्टाफ के उत्पीड़न के ताजा मसले पर सूत्रों ने कहा, भारत अपने स्टाफ की संख्या नहीं घटाएगा।
भारत की तरफ से लगातार आग्रहों के बावजूद पाकिस्तान ने अभी तक इस्लामाबाद में उच्चायोग के नए आवासीय परिसर में गैस कनेक्शन नहीं दिया है। सूत्रों ने बताया कि भारतीय स्टाफ बिना गैस कनेक्शन के ही इन आवासों में रहने के लिए शिफ्ट हो गया है। सूत्रों ने यह भी इशारा किया कि भारत जैसे को तैसा नीति भी अपना सकता है, जिसका तत्काल परिणाम देखने को मिलेगा।