पाकिस्तान भारतीय वायुसेना के द्वारा बालाकोट स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक से हुई तबाही को लगातार छुपाने की कोशिश कर रहा है। इसी वजह से पाकिस्तान ने वायुसेना की एयर स्ट्राइक के बाद से इस इलाके के आसपास कड़ा पहरा लगा रखा है और यहां किसी के भी आने-जाने पर पाबंदी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक टीम को गुरुवार को उस जगह (जाबा टॉप) पर जाने से एक बार फिर रोक दिया, जहां भारतीय वायुसेना ने मिराज लड़ाकू विमान के जरिये बमबारी की थी।
पिछले नौ दिनों में यह तीसरी बार है जब पाकिस्तानी अधिकारियों ने रॉयटर्स की मीडिया टीम को बालाकोट में बने जैश- ए- मोहम्मद के आतंकी शिविरों और आसपास की इमारतों के करीब जाने से रोक दिया। पाकिस्तान ने इसके लिए सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है।
पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों द्वारा रोके जाने के बाद रॉयटर्स की टीम ने पहाड़ी के नीचे और मदरसे से करीब 100 मीटर की दूरी से ही उस जगह को देखा। इसके बाद पत्रकारों ने बताया कि इमारत के चारों तरफ ऊंचे-ऊंचे पेड़ हैं। इस वजह से यहां से देखकर कुछ भी कह पाना मुश्किल है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी को आतंकी ठिकानों पर असैन्य कार्रवाई कर बदला लिया था। भारतीय वायुसेना के मिराज लड़ाकू विमान ने पाकिस्तान के बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर बम बरसाए थे। सरकारी सूत्रों ने इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने की बात कही थी। हालांकि पाकिस्तान ने किसी भी तरह के नुकसान होने से इनकार किया था।