भारत में पाकिस्तान के राजदूत अब्दुल बासित के स्थान पर किसी और की नियुक्ति हो सकती है। बासित को लंबी छुट्टी पर भेजने की तैयारी पाक सरकार कर रही है। हमीना जांजुआ की विदेश सचिव के पद पर नियुक्ति के बाद उन्होने अपनी जूनियर के नीचे काम करने से मना कर दिया था। बासित का नई दिल्ली में तीन वर्षीय कार्यकाल इस महीने के अंत में समाप्त होने वाला है।
पहले चर्चा में था विदेश सचिव के लिए बासित का नाम
पाकिस्तान में नए विदेश सचिव की नियुक्ति के बाद बासित को किसी यूरोपियन देश का राजदूत बनाकर के भेजा जा सकता है। इससे पहले बासित का नाम विदेश सचिव के लिए चल रहा था। वरिष्ठ राजनयिक तहमीना जांजुआ को पाकिस्तान का विदेश सचिव नियुक्त किया गया। पाकिस्तान में इस महत्वपूर्ण पद पर आसीन होने वाली वह पहली महिला हैं। तहमीना निवर्तमान विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी का स्थान लेंगी। चौधरी अमेरिका में पाकिस्तान के नए राजदूत होंगे।
बासित देने जा रहे थे इस्तीफा
पीटीआई के मुताबिक, बासित ने तहमीना के विदेश सचिव बनने के बाद इस्तीफा देने का प्लान बना लिया था। हालांकि बाद में उन्होने अपने इस प्लान को बदल दिया था ।बासित ने हालांकि पाक सरकार को बता दिया है कि वो अपनी जूनियर के नीचे किसी भी हालत में काम नहीं करेंगे। अब पाक विदेश मंत्रालय सोच रहा है कि उनको या तो दिल्ली में ही रहने दिया जाए, किसी और देश का राजदूत बना कर के भेज दिया जाए या फिर किसी अन्य व्यक्ति को भारत का राजदूत बना कर के भेज दिया जाए। बासित को वापस पाक बुलाकर के लंबी छुट्टी पर भेजने का प्रस्ताव भी सरकार के पास है।