आम चुनाव के नतीजों में क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान की पार्टी पीटीआई के प्रदर्शन से पाक मीडिया बेहद खुश है। पाक मीडिया ने कहा कि यह दिखाता है कि पाकिस्तान के एक शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक देश है। इसने सभी बाधाओं को दूर करते हुए एक और सफल लोकतांत्रिक सत्ता हस्तांतरण को सफल बनाया है।
अंग्रेजी अखबार ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के पहले पेज की हेडलाइन ने लिखा, ‘पीटीआई ने जीत दर्ज की जबकि विरोधियों ने रोना रोया।’ उसने अपने संपादकीय में कहा कि जनता के आदेश का सम्मान करना चाहिए।
वहीं एक अन्य अंग्रेजी अखबार ‘डॉन’ ने पहले पेज की हेडलाइन में लिखा, ‘पीटीआई ने मारा आखिरी मुक्का, छह प्रमुख पार्टियों ने रोना रोया।’ ‘द न्यूज इंटरनेशनल’ ने इमरान की जीत पर कहा, ‘इमरान की गेंदबाजी से ऑल आउट’ जबकि ‘द नेशन’ ने अपनी हेडलाइन में इमरान को ‘मैन ऑफ दी मैच’ लिखा।