कोर्ट ने कहा कि ऐसी सूरत में क्या किया जाना चाहिए? इस पर उसका कहना था कि इस मामले में दहशतगर्दी का केस भी बनता है और अदालत की अवमानना का मामला भी हो सकता है।
एंकर हामिद मीर ने कोर्ट से कहा कि, "आप डॉक्टर शाहिद मसूद को माफी का मौका दें।" हालांकि, मसूद ने कोर्ट से माफी मांगने से इनकार करते हुए कहा कि वह अपने आरोपों पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि यह एक डेवलपिंग स्टोरी है और उन्होंने जो कहा है, वह उस पर अटल हैं।
दरअसल, पत्रकार शाहिद मसूद ने अपने कार्यक्रम में यह दावा किया था कि अभियुक्त इमरान अली के पाकिस्तान में 37 से अधिक बैंक अकाउंट्स हैं और जैनब कत्ल केस के पीछे एक अंतर्राष्ट्रीय चाइल्ड पॉर्नोग्राफी गिरोह है जिसको एक मंत्री का समर्थन है। स्टेट बैंक की ओर से अभियुक्त के अकाउंट्स की जानकारी के बाद सुप्रीम कोर्ट ने पत्रकार शाहिद मसूद के आरोपों के लिए एक जांच टीम का गठन किया था।
जैनब के पिता पर रोक
जैनब हत्या में अभियुक्त इमरान से पूछताछ की जा रही है। उसका डीएनए पांच बच्चियों से मिल चुका है और इसकी फॉरेंसिक रिपोर्ट पेश की गई है। वहीं, हत्या मामले की जांच कर रही जेआईटी से पूछा गया कि पुलिस कितने दिन में मामले की चार्जशीट दाख़िल कर सकती है। तो उसने 90 दिन का वक़्त मांगा लेकिन कोर्ट ने इतना समय न देते हुए जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने जैनब के पिता को किसी भी क़िस्म की प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से रोक दिया है और कहा है कि उन्हें जो भी शिकायत हो वो अदालत को बताएं।