पाकिस्तान ने एनएसजी की सदस्यता के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। पाकिस्तानी विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान जिम्मेदार परमाणु संपन्न देश है और इसके परमाणु हथियार सुरक्षित हैं। ऐसे में पाकिस्तान परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) की सदस्यता पाने की योग्यता रखता है। वह इस्लामाबाद में सेंटर फॉर इंटरनेशनल स्ट्रैटेजिक स्टडीज (सीआईएसएस) की ओर से दक्षिण एशिया में परमाणु सुरक्षा को लेकर आयोजित कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के परमाणु हथियार पर देश की जनता का अधिकार है, जिसका मतलब यह है कि पाक संप्रभु राष्ट्र होने के नाते सिर्फ अपने बचाव के लिए इनका इस्तेमाल करेगा।
पाक विदेश सचिव ने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा सामरिक स्थिरता के लिए अपनी आवाज उठाई है। साथ ही सभी क्षेत्रीय भागीदारों से संसाधनों का इस्तेमाल परमाणु हथियार बढ़ाने की बजाय आर्थिक विकास के लिए करने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि एनएसजी की सदस्यता हासिल करने में राजनीतिक और वाणिज्यिक कारण बाधक नहीं बनेंगे।