पाकिस्तान के तटीय शहर कराची में समुद्र की तेज लहरों में बहने से दो लड़कियों समेत एक ही परिवार के कुल पांच लोग डूब गये। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अदील हुसैन चांडियो ने बताया कि शहर के हॉक्सबे समुद्र तटीय इलाके में पिकनिक मना रहे पांच लोग डूब गये। उन्होंने बताया कि 16 साल की दुआ फातिमा और 14 साल की हमना इमरान समुद्र की तेज लहरों में बह गयीं।
उन्होंने बताया कि जब दुआ के 42 वर्षीय पिता जाकिर हुसैन उसे बचाने के लिये गये, तो वह भी डूब गये। जबकि उसी परिवार के दो अन्य सदस्य 20 वर्षीय उस्मान और 22 वर्षीय अमीन भी उन्हें बचाने के प्रयास में समुद्र की तेज लहरों के साथ बह गये।
पढ़ेः- 'पाकिस्तान-चीन की दोस्ती फौलाद सी मजबूत, शहद से ज्यादा मीठी'
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी पांच शवों को बरामद कर लिया गया है और उन्हें अस्पताल भेज दिया गया है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी होने के कारण बहुत से लोग पिकनिक के लिये समुद्र तट पर आते हैं, जिसके कारण पुलिसकर्मियों और बचाव अधिकारियों के लिये उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकना मुश्किल हो जाता है।