पाकिस्तान ने विवादित सैन्य अदालतों द्वारा आतंकवाद संबंधी जघन्य अपराधों के दोषी करार दिए गए चार कट्टर तालिबानी आतंकियों को बुधवार को फांसी पर लटकाया। 2014 के पेशावर हमला मामले में लिप्त 160 आतंकियों को अब तक मौत की सजा दी जा चुकी है।
सेना ने बयान जारी कर कहा कि चारों आतंकी मासूम नागरिकों की हत्या, पाकिस्तानी सैन्य बलों व कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर हमले समेत कई अन्य मामलों में भी शामिल थे। इनकी पहचान कासिर खान, मोहम्मद उमर, कारी जुबेर मोहम्मद और अजीज खान के तौर पर की गई। चारों आतंकी प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान के सक्रिय सदस्य थे। वहीं आतंकी हमलों की आशंका को देखते हुए इस बात की जानकारी नहीं दी गई कि इन्हें किस जेल या स्थान पर फांसी दी गई।
गौरतलब है कि दिसंबर 2014 में पेशावर के आर्मी स्कूल पर हुए आतंकी हमले में 150 बच्चों की मौत हो गई थी। जिसके बाद संवैधानिक संशोधन द्वारा इस मामले में जल्द न्याय के लिए विशेष सैन्य अदालत का गठन किया गया था। वहीं पाकिस्तान के मानव अधिकार मामलों से जुड़ी एक संस्था का कहना है कि इस मामले में अब तक 441 लोगों को मौत की सजा मिल चुकी है।