पाकिस्तान एक बार फिर से 26/11 मुंबई हमले के आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करने से मुकर गया है। उसने मुंबई हमले के लिए धन मुहैया कराने वाले लश्कर-ए-ताइबा के पूर्व आतंकी सुफायान जफर को आरोपों से मुक्त कर दिया है। पाक की संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने जफर को आरोपों से मुक्त करते हुए कहा कि उस पर लगे आरोप साबित नहीं हुए हैं।
जफर को पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था। उस पर मुंबई हमले के लिए 14,800 रुपये देने और सह-अभियुक्त शाहिद जमील रियाज को 39.8 लाख रुपये मुहैया कराने का आरोप था। एफआईए के एक अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान जफर के खिलाफ किसी तरह के सबूत नहीं मिले हैं।
उस पर मुंबई हमले के एक आतंकी को मदद देने का आरोप था, जो साबित नहीं हो सका। लिहाजा जफर के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल नहीं किया गया है। अब अधिकारी 22 सितंबर को होने वाली मामले की अगली सुनवाई में चालान दाखिल करेंगे, लेकिन उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल नहीं करेंगे।