पाकिस्तान ने देश के सभी मोबाइल ऑपरेटरों को ब्लैकबेरी सर्विसेज की एक सेवा तुरंत बंद करने के आदेश दिए हैं। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए शनिवार को यह आदेश जारी किया गया। सरकार चाहती से है कि सभी मोबाइस ऑपरेटर ब्लैकबेरी इंटरप्राइज सर्विस (बीईएस) को बंद कर दें।
ब्लैकबेरी की इस सेवा के बंद हो जाने से ब्लैकबेरी मैसेंजर और ब्लैकबेरी इंटरनेट सर्विस पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस मुद्दे पर पाकिस्तान की पांच मोबाइल कंपनियों में से दो के अधिकारियों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर इस बात की पुष्टि की है कि सरकार से कंपनियों को आदेश प्राप्त हुए हैं। आदेश में ब्लैकबेरी के सबसे सुरक्षित सेवा बीईएस को बंद करने के लिए कहा गया है।
आपको बता दें कि ब्लैकबेरी की यह सेवा अपने उपभोक्ताओं को खुद का सुरक्षित कम्यूनिकेशन नेटवर्क बनाने की सुविधा मुहैया कराती है। उच्चस्तरीय सुरक्षा और इन्क्रिप्शन की वजह से सरकारी सुरक्षा एजेंसियों की इन संदेशों तक पहुंच नहीं हो पाती। एक टेलीकॉम अधिकारी के मुताबिक बीईसी सेवा के बहुत महंगे होने की वजह से केवल बड़ी कंपनियां और दूतावास ही इसका प्रयोग करते हैं।