पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान ने अपने खिलाफ दुर्भावनापूर्ण प्रचार करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अलग-थलग करने की इच्छा रखने वाले देशों को ये देखना चाहिए कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान को कितना महत्व दे रहा है और वैश्विक मित्र हमारा कितना सम्मान कर रहे हैं।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख का ये बयान भारत के खिलाफ निशाना माना जा रहा है। भारत हमेशा से आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान का विरोध करता रहा है।
आईएसपीआर के मुताबिक, जनरल कमर ने मंगला के पास पब्बी में राष्ट्रीय काउंटर-आतंकवाद केंद्र (एनसीटीसी) की यात्रा के दौरान ये टिप्पणी की। इस दौरान वो दूसरे देशों से पाकिस्तानी आर्मी स्प्रिट प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए सैन्य टीमों से भी मिले।
इस प्रतियोगिता में पाकिस्तानी सेना के अलावा , चीन , इंडोनेशिया, जॉर्डन, मलेशिया, म्यांमार, श्रीलंका, टर्की, थाइलैंड और यूके की सेना ने भी हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता को आतंकविरोधी ऑपरेशनों को ध्यान में रखकर सैन्य टीमों के स्किल्स और शारीरिक धैर्य को परखने के लिए आयोजित किया गया था। 72 घंटे की इस प्रतियोगिता में करीब 23 इवेंट्स को शामिल किया गया।
इस प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि आतंकवाद से निपटने के लिए हम यथासंभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान का बुरा चाहने वालों को ये देखना चाहिए कि हमारे वैश्विक सहयोगी हमें महत्व और सम्मान दे रहे हैं।