दक्षेस में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गर्मजोशी से हाथ मिलाने के एक दिन बाद ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा है कि उनका देश अपनी ‘गरिमा, आत्मसम्मान और साख’ की कीमत पर भारत के साथ बातचीत नहीं करेगा।
काठमांडू में दक्षेस शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद शरीफ पहली बार मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि पाक कोरी बातचीत के खिलाफ है।
पाक पीएम ने कहा, ‘विदेश सचिवों की मुलाकात भले ही रद्द हो गई हो, मगर हम एक-दूसरे का हालचाल तो पूछ ही सकते हैं। इसलिए हमने हाथ मिलाया।’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर समेत सभी मुद्दे पर सार्थक बातचीत में यकीन रखता है।
शरीफ ने कहा कि अगर भारत वाकई में रिश्तों की बहाली चाहता है तो कश्मीर मुद्दे पर ‘बड़ी गंभीरता से और पूरी ईमानदारी के साथ’ चर्चा जरूर होनी चाहिए। बातचीत हमेशा नतीजे देने वाली होनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘हमें सिर्फ बात के लिए बातचीत नहीं करनी चाहिए। हमारा इरादा सही होना चाहिए। हमें सही इरादों के साथ इस दिशा में पहल करनी चाहिए।’