भारत से बढ़े तनाव के बीच पाकिस्तान ने अगले महीने होने वाली दक्षिण एशियाई स्पीकर्स समिट में शामिल होने के भारत के न्योते को ठुकरा दिया है। भारतीय संसद और अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) की ओर से दक्षिण एशियाई देशों को इसके लिए आमंत्रित किया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर असेंबली के स्पीकर को न्योता नहीं भेजने पर 2015 में भारत ने भी इस्लामाबाद में होने वाली कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी यूनियन की बैठक का बहिष्कार किया था।
म्यांमार ने भी स्पीकर्स समिट में शामिल नहीं होने की बात कही है। आधिकारिक सूत्रों ने नई दिल्ली में बताया, ‘18-19 फरवरी को इंदौर में होने वाली स्पीकर्स समिट के लिए कई दक्षिण एशियाई देशों को न्योता भेजा गया है, जिसमें से पाकिस्तान और म्यांमार ने शामिल नहीं हो पाने की बात कही है।’ भारत ने पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक को इस क्षेत्रीय सम्मेलन के लिए बुलावा भेजा था।
इस्लामाबाद में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सादिक सम्मेलन में भाग नहीं ले पाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि समिट की तारीख पर ही नेशनल असेंबली का एक महत्वपूर्ण सत्र आयोजित होना है और स्पीकर को इसमें मौजूद रहना आवश्यक है। सूत्रों ने बताया कि सम्मेलन में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका समेत कई देशों की संसद के स्पीकर भाग लेंगे।