फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन दिन से पाकिस्तान की हिरासत में एक और भारतीय, भारत को नहीं दी जानकारी

Mon, 22 May 2017 04:34 AM IST
amarujala.com- Presented by: संदीप भट्ट
विज्ञापन
विज्ञापन
कुलभूषण जाधव मामले में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) से मिली नसीहत के बाद भी पाकिस्तान सुधरने का नाम नहीं ले रहा है।  एक बार फिर विएना समझौते को ताक पर रखकर उसने पिछले तीन दिनों से एक भारतीय नागरिक को हिरासत में रखा हुआ है लेकिन भारत को इसकी जानकारी तक मुहैया नहीं कराई है।
विज्ञापन


पाकिस्तान ने मुंबई के जोगेश्वरी ईस्ट के रहने वाले शेख नबी अहमद को कथित तौर पर अधूरे यात्रा दस्तावेज से घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पाक मीडिया के जरिये ही यह मामला सामने आया है कि शेख को 19 मई से हिरासत में रखा गया है।

इससे पड़ोसी मुल्क की नीयत एक बार फिर शक के दायरे में है। पाक मीडिया के मुताबिक, शेख को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह राजधानी इस्लामाबाद के सेक्टर एफ-8 स्थित नजीमुद्दीन रोड पर टहल रहे थे। 
विज्ञापन


मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि वह एक पुलिस चौकी के पास से गुजरे तो उन्हें रोका गया और नागरिकता पूछी गई। जब उन्होंने खुद को भारतीय बताया तो पुलिस ने उनसे यात्रा दस्तावेज मांगे, लेकिन वह जरूरी दस्तावेज व वीजा पुलिस के समक्ष पेश नहीं कर पाए। शेख कुछ गैरजरूरी कागजों के माध्यम से ही खुद को भारतीय नागरिक बता रहे थे। ऐसे में पुलिस ने उनके खिलाफ फॉरेनर एक्ट, 1946 की धारा 14 के तहत देश में अवैध रूप से घुसने और रहने का मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

वहीं, जब इस बारे में इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग से पूछा गया तो उन्होंने इस मामले की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। भारतीय उच्चायोग के एक अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा हमें इस घटना का विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है।

मीडिया रिपोर्ट से ही हमें इस घटना के संबंध में पता चला है। यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिनों पहले ही अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने भारतीय नेवी के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव को पाकिस्तानी सैन्य अदालत द्वारा सुनाई गई मौत की सजा पर रोक लगाई है। जाधव को कथित जासूसी के लिए पाकिस्तान में फांसी की सजा दी गई है।
विज्ञापन

भारत ने किया उच्चायोग से संपर्क, कानूनी मदद देने का निर्देश

पाकिस्तान में अपने एक और नागरिक की गिरफ्तारी के बाद भारत इस्लामाबाद स्थित अपने उच्चायोग के संपर्क में है। उच्चायोग को इस मामले में पाकिस्तान सरकार से पूरी जानकारी हासिल करने और गिरफ्तार नागरिक को हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। नबी भी जाधव की तरह ही महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

विदेश मंत्रालय के अधिकारी के मुताबिक, चूंकि जानकारी आधिकारिक नहीं है, इसलिए इस पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की जा सकती। मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए मंत्रालय ने पाकिस्तान स्थित अपने उच्चायोग से संपर्क साधा है। उच्चायोग से पूरे मामले की जानकारी मांगने के साथ भारतीय नागरिक को कानूनी मदद पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें