पाकिस्तान ने कहा है कि भारत का सुपरसोनिक इंटरसेप्टर मिसाइल परीक्षण क्षेत्र में शक्ति संतुलन बिगाड़ेगा। पाकिस्तान इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की योजना बना रहा है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा कि पाकिस्तान इन घटनाओं के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी आवाज उठाएगा।
रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, उन्होंने कहा कि भारत के सुपरसोनिक इंटरसेप्टर मिसाइल परीक्षण से क्षेत्र में शक्ति संतुलन बिगड़ेगा। अजीज ने कहा कि पाकिस्तान अपनी रक्षा के प्रति आंख मूंदकर नहीं रहेगा और अपनी रक्षात्मक क्षमताओं को बढ़ाना जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी रक्षा प्रणाली में सुधार के लिए निश्चित तौर पर आधुनिक प्रौद्योगिकी हासिल करेगा।
अजीज ने कहा कि भारत को अमेरिका से सहयोग मिल रहा है, जो यह सोचता है कि चीन को रोकने के लिए मजबूत भारत बेहद जरूरी है। भारत की ओर से स्वदेशी तकनीक से विकसित सुपरसोनिक इंटरसेप्टर मिसाइल का परीक्षण किए जाने के एक दिन बाद अजीज की टिप्पणी आई है। भारत की यह इंटरसेप्टर मिसाइल किसी भी हमलावर बेलेस्टिक मिसाइल को हवा में ही नष्ट करने में सक्षम है।