फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निष्पक्ष जांच के लिए तैयार: पाकिस्तान

Wed, 09 Jan 2013 11:58 PM IST
बीबीसी हिंदी
विज्ञापन
विज्ञापन
पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा है कि उन्होंने भारत प्रशासित कश्मीर में पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी से जुड़े आरोपों पर भारतीय अधिकारियों से हॉटलाइन पर बात की है।
विज्ञापन


उन्होंने भारत के इन आरोपों को दुष्प्रचार करार दिया है कि पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय क्षेत्र में घुस कर दो भारतीय सैनिकों को मार दिया।

पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने पत्रकारों को भेजे एक टेक्स्ट संदेश में कहा, “भारतीय अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है कि जमीनी स्तर पर छानबीन की गई और ऐसा कुछ नहीं पाया गया जैसा भारत ने आरोप लगाया है।”

पाकिस्तानी अधिकारी ने कहा है कि भारत रविवार को पाकिस्तानी क्षेत्र में भारतीय घुसपैठ से ध्यान बंटाने के लिए ये दुष्प्रचार कर रहा है जिसमें एक पाकिस्तानी सैनिक की मौत हो गई।
विज्ञापन


पाकिस्तान की विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने कहा है कि उनके देश ने आतंरिक जांच कराई है और भारतीय सैनिकों की हत्या में पाकिस्तानी सेना की कोई भूमिका नहीं है।

उन्होंने कहा, “मैं नहीं जानती कि अब और क्या कहूं। हमने अपनी जांच पूरी कर ली है। अगल भारत को इस पर भरोसा नहीं है तो फिर हम किसी तीसरे देश की निष्पक्ष जांच के लिए तैयार हैं।”

लेकिन भारतीय सेना ने कहा है कि मंगलवार को पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर लागू संघर्षविराम का उल्लंघन किया।

आरोप प्रत्यारोप
इससे पहले रविवार को पाकिस्तान ने भी भारतीय सैनिकों पर अपने क्षेत्र में इसी तरह की कार्रवाई करने का आरोप लगाया जिसमें एक पाकिस्तानी सैनिक की मौत हुई थी।

लेकिन भारत का कहना है कि उसने कोई हमला नहीं किया है जबकि पाकिस्तानी सैनिकों ने उनकी चौकियों पर पांच घंटों तक बमबारी की।

भारतीय सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को हुई झड़प के बाद एक भारतीय सैनिक का क्षत विक्षत शव मिला।

जनरल एसएल नारायणसिम्हा ने टाइम्स नाउ चैनल को बताया, “हमें पता चलता है कि एक शव के साथ बर्बरता की गई है। हमें यही पता है।”

भारतीय सेना के एक अन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर एस चालवा का कहना है कि पाकिस्तान सैनिक भारतीय क्षेत्र में घुस गए और धुंध का फायदा उठा कर मेंढर तक पहुंच गए।

चावला ने कहा, “उन्होंने न सिर्फ संघर्षविराम का उल्लंघन किया, बल्कि नियंत्रण रेखा की पवित्रता को भी भंग किया है।” लेकिन पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने अपनी ओर से ऐसी किसी कार्रवाई से इनकार किया है।

मुंबई हमलों के बाद वर्षों तक ठप पड़े दोनों देशों के रिश्ते अब बेहतर हो रहे हैं, लेकिन नियंत्रण रेखा पर हुई गोलीबारी की इन कथित घटनाओं से रिश्ते प्रभावित हो सकते हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें