पाकिस्तान में अधिकारियों का कहना है कि देश के पश्चिमोत्तर कबाइली इलाके उत्तरी वजीरिस्तान में ड्रोन हमले में कम से कम सात लोग मारे गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि मारे गए संदिग्ध चरमपंथियों में अल-कायदा का एक सदस्य भी शामिल है। ड्रोन विमानों ने मीर अली इलाके में दो ठिकानों को निशाना बनाया।
उत्तरी वजीरिस्तान, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में सक्रिय चरमपंथी समूहों का गढ़ है। यहां बीते सप्ताह हुए एक ड्रोन हमले में तालिबान के वरिष्ठ कमांडर मुल्ला नज़ीर मारे गए थे।
मुल्ला नज़ीर पाकिस्तान में सक्रिय चार चरमपंथी धड़ों में से एक के नेता थे जिन्होंने अफगानिस्तान में तालिबान की मदद के लिए लड़ाके भेजे थे।
ड्रोन हमले, पाकिस्तान और अमरीका के बीच तनाव की वजह रहे हैं। पाकिस्तान का कहना है कि इन हमलों में उसके निर्दोष नागरिक मारे जाते हैं और इससे उसकी सम्प्रभुता का उल्लंघन होता है।
साल 2009 में बराक ओबामा के अमरीकी राष्ट्रपति बनने के बाद पाकिस्तान में ड्रोन हमलों की संख्या बढ़ती गई जिनमें सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। पाकिस्तान के लोगों में इसकी वजह से गुस्सा रहा है।
मारे गए लोगों में अल-कायदा और तालिबान के वरिष्ठ नेता भी शामिल रहे हैं। इसने अलावा और भी कई चरमपंथी मारे जा चुके हैं जिनकी नाम और पहचान जाहिर नहीं हो पाई।