पाकिस्तान ने भारत पर पठानकोट आतंकी हमले का बहाना बनाकर वार्ता को पटरी से उतारने का आरोप लगाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अमेरिकी कांग्रेस में पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा था कि उसके पड़ोस में आतंकियों को पाला पोसा जा रहा है। प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद पाकिस्तान का यह ताजा बयान अहम माना जा रहा है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के विदेशी मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान अपने पड़ोसी से बेहतर रिश्तों के लिए बातचीत को सबसे कारगर रास्ता मानता है। अजीज ने कहा कि भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पाकिस्तान दौरे के बाद दोनों देश वार्ता को लेकर राजी हो गए थे। मगर दो जनवरी, 2016 को पठानकोट हमला हो गया। उसके बाद से ही भारत इसे बहाना बनाकर वार्ता करने से बच रहा है। अजीज ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत में संयुक्त जांच टीम भेजी थी और मामले की जांच शुरू की जा चुकी है।
हालांकि उन्होंने भारत की जांच एजेंसी को पाकिस्तान में जाने की इजाजत के मुद्दे पर कुछ स्पष्ट नहीं किया। कश्मीर के मुद्दे को फिर तूल देते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कश्मीरियों के संघर्ष को भारत के साथ और संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतर्राष्ट्रीय प्लेटफार्म पर उठाता रहेगा।