पनामागेट मामले में नवाज शरीफ के खिलाफ मोर्चा खोलकर पीएम पद से हटाने वाले इमरान खान ने अब उन पर पाकिस्तानी सेना को अपमानित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नवाज शरीफ ने पाक सेना के खिलाफ वैसी ही भाषा का प्रयोग किया जैसा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं।
द न्यूज इंटरनेशनल ने लिखा है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान ने शरीफ पर एक रैली में गंभीर आरोप लगाए। इमरान ने गत वर्ष ‘डॉन’ में छपे लेख का हवाला दिया और कहा कि शरीफ ने पाक सेना के खिलाफ मोदी जैसी भाषा का इस्तेमाल किया। ‘डॉन’ ने लिखा था कि - ‘पाक सेना आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है, लिहाजा शरीफ सरकार इससे नाखुश है।’
रविवार की रैली में इमरान ने कहा कि भ्रष्टाचार को समर्थन देने वाले नवाज ने पाक हितों से समझौता करने के साथ-साथ मुल्क के दुश्मनों के रास्ते पर भी चलने की कोशिश की थी।
उन्होंने कहा कि नवाज शरीफ की टिप्पणी से पाक सेना के प्रति उनकी बेवफाई का पता चलता है। डॉन लीक्स का हवाला देते हुए पूर्व क्रिकेटर से नेता बने खान ने कहा कि शरीफ ने पीएमओ में ठीक वैसी ही भाषा बोली जैसी नरेंद्र मोदी पाक सेना के खिलाफ इस्तेमाल करते हैं।
इमरान ने यह भी आरोप लगाए कि अमेरिका में एक मजबूत यहूदी भारतीय लॉबी नवाज शरीफ का समर्थन कर रही थी। इमरान ने कहा, ‘मैंने अपनी ही सेना को अपमानित करने वाला शरीफ जैसा नेता पहले कहीं नहीं देखा है।’