पाकिस्तान में तहरीके इंसाफ पार्टी के नेता इमरान खान ने कहा है कि जब तक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे तबतक वो अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे रहेंगे।
इस्लामाबाद के आबपारा चौक पर शनिवार की सुबह चार बजे के आस-पास एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए इमरान खान ने ये बातें कहीं। लगातार बारिश के बावजूद इमरान खान के हजारों समर्थक जलसे में मौजूद थे।
इमरान खान ने कहा कि देश में कोई प्रजातंत्र है ही नहीं, लिहाजा उन पर इसे डीरेल करने के आरोप बेबुनियाद हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी एक नया पाकिस्तान बनाएगी। उन्होंने कहा कि ये आजादी की लडाई है और देश को आजाद कराने में अगर उनकी जान भी चली जाए तो उन्हें इसकी परवाह नहीं है। इमरान खान ने कहा कि शनिवार दोपहर तीन बजे से वो धरने की शुरूआत करेंगे।
इससे पहले इमरान खान के नेतृत्व वाला 'आजादी मार्च' इस्लामाबाद पहुंचकर समाप्त हो गया और फिर उनके हजारों समर्थक आबपारा चौक पर जमा हुए जहां सरकार ने उन्हें जलसा करने की इजाजत दी थी।
14 अगस्त की दोपहर को लाहौर से शुरू हुआ 'आजादी मार्च' 34 घंटों में लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय करके शुक्रवार देर रात राजधानी इस्लामाबाद पहुंचा।