पाकिस्तान के संसदीय चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के एक शीर्ष नेता ने आज कहा कि पार्टी ने विदेश कार्यालय से पूछा है कि क्या भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों को इमरान खान के शपथ-ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जा सकता है।
इमरान (65) की अगुवाई वाली पीटीआई 25 जुलाई को पाकिस्तानी संसद के निचले सदन नेशनल असेंबली के लिए हुए चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है और वह अपनी सहयोगी पार्टियों और निर्दलीय सांसदों के समर्थन से सरकार बना सकती है।
पीटीआई के प्रवक्ता फवाद चौधरी ने कहा कि पार्टी बॉलीवुड स्टार आमिर खान और क्रिकेटरों कपिल देव एवं सुनील गावस्कर को शपथ-ग्रहण समारोह के लिए पहले ही आमंत्रित कर चुकी है।
डॉन न्यूज टीवी ने सूत्रों के हवाले से कहा कि पीटीआई के वरिष्ठ नेताओं - शिरीन मजारी और शफकत महमूद - ने विदेश सचिव तहमीना जनजूआ से मुलाकात की और जानना चाहा कि शपथ-ग्रहण समारोह में काफी कम दिन बचे होने के मद्देनजर किन विदेशी नेताओं को इस कार्यक्रम में बुलाने की गुंजाइश है।