पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के दक्षिणी शहर मुल्तान में अज्ञात हमलावरों ने मानवाधिकार आयोग के अधिकारी और वकील राशिद रहमान मलिक की गोली मारकर हत्या कर दी है।
रहमान ईशनिंदा के एक मामले की पैरवी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक़ स्थानीय समयानुसार रात नौ बजे कचहरी रोड पर अपने दफ़्तर में बैठे थे तभी दो अज्ञात हमलावरों ने दफ़्तर में घुसकर उन पर फ़ायरिंग कर दी।
समाचार एजेंसी एपी ने पुलिस अधिकारी महमूदुल-हसन के हवाले से बताया है कि फ़ायरिंग में रहमान के दो सहायक भी ज़ख़्मी हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक़ हत्या के बाद हमलावर फ़रार हो गए। पुलिस का कहना है कि रहमान को जनवरी में अज्ञात लोगों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।