पाकिस्तान के आतंकियों को समर्थन न देने के दावों की उन्हीं के समर्थन से पनपे हिजबुल मुजाहिदीन चीफ सलाउद्दीन ने हवा निकाल दी है। पाकिस्तान के ये दावे कि वह अपनी धरती से आतंकियों को कभी पनपने नहीं देगा कितने खोखले हैं, इसका अंदाजा वहां की जमीन से भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले आतंकी संगठनों के आकाओं के बयान से पता चलता है।
भारत में कई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड हिजबुल चीफ सैयद सलाउद्दीन ने पाक सरकार से अपील की कि वह कश्मीर में आतंकियों को सैन्य मदद दे ताकि जम्मू-कश्मीर को भारत से आजाद कराने का सपना पूरा हो सके।
पाकिस्तान के डॉन अखबार के अनुसार, सलाउद्दीन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कश्मीर का मुद्दा बातचीत या समझौतों से नहीं हल होने जा रहा। पाकिस्तान कश्मीरी लोगों को सैन्य मदद देने के लिए मुजाहिदीनों को संसाधन मुहैया कराए। अगर उन्हें सैन्य सहयोग मिलेगा तो न केवल कश्मीर को आजादी मिलेगी, बल्कि उप महाद्वीप का नक्शा भी बदल जाएगा। हालांकि, सलाउद्दीन ने यह नहीं बताया कि वह किस तरह के सैन्य सहयोग की बात कह रहा है?