पाकिस्तान स्थित बलूचिस्तान प्रांत के नसीराबाद जिले में एक हिंदू महिला की कुल्हाड़ी से काटकर बर्बरतापूर्वक हत्या कर दी गई है। इस हत्या को पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर बढ़ने वाले अत्याचारों के रूप में देखा जा रहा है।
पाकिस्तान के प्रमुख अखबार ‘डॉन’ के मुताबिक बुधवार को कुछ अज्ञात लोगों ने जानिया कुमारी पर हमला किया था। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे भाग निकले, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल अल्पसंख्यक समुदाय की महिला की हत्या के कारणों के बारे में अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लेकिन अज्ञात हत्यारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
जानिया कुमारी के भाई जालो राम ने पत्रकारों को बताया कि इलाके के प्रभावशाली लोगों ने बेवजह उनकी बहन की हत्या की है। जालो राम ने बलूचिस्तान के आईजी और नसीराबाद एसएसपी से हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई करने व परिवार के अन्य लोगों को सुरक्षा की मांग की है।