पाकिस्तान में 'कश्मीर दिवस' के 5 फरवरी के एक वीडियो ने भारतीय खुफिया एजेंसियों के माथे पर शिकन ला दी है। इस वीडियो में जमात उद दावा प्रमुख और मुंबई हमलों का मास्टर माइंड आतंकी हाफिज सईद का बेटा तल्हा भाषण दे रहा है।
तल्हा भाषण में दाऊद इब्राहीम का नाम इस्तेमाल कर लोगों को भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए उकसा रहा है। यह पहली बार है जब कोई पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन दाऊद का नाम सीधे ले रहा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, तल्हा भाषण में लोगों से पूछता है कि क्या वे जज, पुलिस और डॉक्टर बनना चाहते हैं? इस पर लोग जवाब में कहते हैं नहीं। तल्हा फिर पूछता है क्या वे दाऊद बनना चाहते हैं? इस पर भीड़ कहती है कि हां। तल्हा फिर कहता है कि क्या वे बुरहान वानी चाहते हैं? भीड़े फिर हां कहती है।
एजेंसियां इस वीडियो के बाद काफी चौकन्नी हो गई हैं और वे इस बात की जांच कर रही हैं कि कहीं डी कंपनी और जमात उद दावा साथ मिलकर तो काम नहीं कर रहे हैं।