पाकिस्तान से भारत आ रही समझौता एक्सप्रेस सोमवार को बर्निंग ट्रेन में तब्दील होते होते बच गई। खबरों के अनुसार इस ट्रेन के इंजन में आग लग गई। ट्रेन पर सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। अधिकारियों के अनुसार ट्रेन पर 100 यात्री सवार थे। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में ट्रेन के इंजन में आग शॉर्ट सर्किट से लगी। रेलवे पुलिस के अधिकारी मोहम्मद अतीक ने बताया कि पंजाब के मुगलपुरा स्टेशन के नजदीक सोमवार सुबह एक बैटरी में शॉर्ट सर्किट की वजह से समझौता एक्सप्रेस के इंजन में आग लगी।
उन्होंने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद ट्रेन के चालक ने इंजन को डिब्बों से अलग कर दिया, जिससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। अतीक के अनुसार ट्रेन पर 100 यात्री सवार थे, सभी सुरक्षित हैं। पहले एक अधिकारी के हवाले से मिली खबरों में गलती से इस ट्रेन पर 300 यात्रियों के सवार होने की खबरें आईं थीं। रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें इस घटना में तोड़फोड़ के कोई सबूत नहीं मिले हैं।
पाकिस्तान रेलवे ने समझौता एक्सप्रेस के इंजन में आग लगने के कारणों की जांच के लिए तीन सदस्यीय एक कमेटी का गठन किया है। रेलवे के प्रवक्ता जुबैर गोरी ने कहा है कि घटना का कारण शॉर्ट सर्किट ही लगता है, लेकिन समिति इस पर अच्छी तरह से जांच करेगी। आग प्लेटफार्म नंबर एक से ट्रेन के छूटने के तुरंत बाद करीब सुबह 8 बजकर 35 मिनट पर लगी।
जुबैर के के अनुसार स्टेशन के नजदीक होने के कारण आग पर जल्दी काबू पाया जा सका। इस घटना के बाद वहां से ट्रेन कुछ देरी रवाना हुई। लाहौर से दूसरा इंजन आया तब रेल आगे बढ़ी। स्टेशन से रवाना होने के बाद ट्रेन ठीक से रफ्तार भी न पकड़ सकी थी कि इंजन में आग का पता चला। अगर यह ट्रेन रफ्तार पकड़ चुकी होती तब आग लगती तो जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
समझौता एक्सप्रेस में बम विस्फोट
19 फरवरी, 2007: को समझौता एक्सप्रेस में पानीपत के नजदीक शिवा में हुए बम विस्फोट में 68 लोगों की मौत हो गई और 125 घायल हुए
थार एक्सप्रेस
20 अगस्त, 2012 : पाक जा रही थार लिंक एक्सप्रेस के लोको पायलट ने उतरलाई व बाड़मेर स्टेशन के बीच मानव रहित रेलवे फाटक पर ट्रेन रोककर एक बड़ा हादसा बचाया, यहां ट्रेन के रास्ते में बोलेरो आ गई थी।
4 दिसंबर, 2010 : पाकिस्तान के सिंध प्रांत में भारत आ रही थार एक्सप्रेस के मार्ग में बम विस्फोट हो जाने के बाद उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए। कोई हताहत नहीं हुआ।