पाकिस्तान में 25 जुलाई को आम चुनाव होने वाले हैं। इस बार आतंकी संगठन जमात-उद-दावा की पार्टी मिल्ली मुस्लिम लीग (एमएमएल) भी अल्लाह-ओ-अकबर के साथ गठबंधन करके अपने उम्मीदवारों को चुनाव में उतार चुकी है। इसी बीच उसे फेसबुक से तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, फेसबुक ने मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के फेसबुक पेज को डिलीट कर दिया है। इसकी पुष्टि एमएमएल ने भी की है।
फेसबुक ने केवल एमएमएल पार्टी का ही नहीं बल्कि उसके उम्मीदवारों और उससे जुड़े दूसरे कई पेजों को भी डिलीट कर दिया है। एमएमएल के अनुसार सोशल मीडिया ने ऐसा करने के पीछे कोई वजह नहीं बताई है। एमएमएल के नेता इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन बताते हुए कह रहे हैं कि उनके साथ अन्याय हुआ है। इस मामले पर एमएमएल प्रवक्ता तबिश कयूम ने कहा कि फेसबुक ने अपनी नीतियों का उल्लंघन किया है।
बता दें कि फेसबुक ने पाकिस्तान में 25 जुलाई को होने वाले आम चुनाव से पहले सुरक्षा बढ़ा दी है। इसके लिए फेसबुक ने सुरक्षा के कई कदम उठाए हैं। वहीं फेसबुक के प्रवक्ता सरीम अजीज ने बताया कि सोशल मीडिया के क्षेत्र की अग्रज कंपनी ने इस क्षेत्र में संरक्षा और सुरक्षा पर कार्य करने वालों की संख्या बढ़ा दी है और मंच का दुरुपयोग रोकने के लिए समर्पित टीमें लगाई गई हैं।