पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान अब मुंबई आतंकी हमले के गुनहगार हाफिज सईद के साथ लगे पोस्टरों को लेकर विवाद में घिर गए हैं। इन पोस्टरों में इमरान की हाफिज सईद के साथ लगी तस्वीर को लेकर पाकिस्तानी पत्रकारों ने ही सवाल उठाते हुए कहा है कि जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है उसके साथ पीएम के पोस्टर कैसे लगाए जा रहे हैं।
पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर यह तस्वीर वायरल हो चुकी है। इस पोस्टर में साफ-साफ दिख रहा है कि आतंकी हाफिज सईद के एकदम बगल में ही इमरान खान की फोटो लगी हुई है। पोस्टर में अन्य कइयों की तस्वीर भी लगी हुई है। पोस्टर में उर्दू में सबके नाम लिखे होने के साथ-साथ ही जश्न-ए-आजादी भी लिखा हुआ है। इस पोस्टर के साथ ही इमरान खान के उस दावे की पोल भी खुल गई है जिसमें वे पूरी दुनिया में कहते घूमते हैं कि हम आतंकवाद से निजात पाना चाहते हैं।
इससे पहले भी इमरान खान सरकार ने हाफिज सईद पर कार्रवाई का ड्रामा किया था लेकिन उसके खिलाफ प्रभावी कदम कभी नहीं उठाया गया। बता दें कि हाल ही में जमात-उद-दावा सरगना हाफिज सईद को एक पाक अदालत ने दोषी करार देते हुए मनी लॉन्ड्रिंग और टेरर फंडिंग के मामले में गिरफ्तार करने के आदेश दिए थे।
ठोस कार्रवाई नहीं की
हाफिज की गिरफ्तारी पर भारत पहले ही सवाल उठा चुका है कि इमरान सरकार सिर्फ दिखावे के लिए ऐसा कर रही है। बाद में भारत का दावा सही भी साबित हुआ क्योंकि उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यही नहीं बल्कि पाकिस्तान की एक अदालत ने हाफिज सईद की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका को स्वीकार भी कर लिया।