पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि एक संदिग्ध आत्मघाती हमले में पंजाब प्रांत के गृह मंत्री शुजा खानजादा की मौत हो गई है।
गृह मंत्री शूजा खानजादा के राजनीतिक दफ़्तर पर हुए इस हमले में कम से कम छह अन्य लोग भी मारे गए हैं। खानजादा चरमपंथी गुटों के खिलाफ अभियान में खासे सक्रिय रहे हैं और पिछले महीने उन्होंने घोषणा की थी कि पंजाब पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-झांगवी के नेता को मार दिया है।
रावलपिंडी के पुलिस अधिकारी वसाल फख सुल्तान राजा ने बताया कि गृह मंत्री के दफ्तर पर धमाका होने से घर की छत गिर गई।
उनके मुताबिक अटक के शादीखान गांव में शूजा खानजादा के डेरे में जिस वक्त धमाका हुआ उस वक्त वहां बैठक हो रही थी और बड़ी तादाद में लोग मौजूद थे।
सरकारी मीडिया के मुताबिक धमाके के वक्त वहां 50 लोग मौजूद थे। घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए हेलिकॉप्टर मौके पर भेजे गए हैं।