उड़ी हमले के बाद उपजे हालात के बीच पाकिस्तानी सेना प्रमुख राहिल शरीफ के कार्यकाल की समाप्ति का समय नजदीक है। अब सबकी निगाहें पीएम नवाज शरीफ की ओर है कि क्या वह राहील को एक और मौका देंगे या अन्य किसी के हाथ में सेना की कमान सौपेंगे।
सूत्रों की माने तो पाकिस्तानी आर्मी और नवाज शरीफ के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दौरान राहील शरीफ को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में नवाज शरीफ की प्रतिक्रिया तो यही कहती है। दरअसल, 21 सितंबर को नवाज शरीफ पाकिस्तान में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इसी दौरान एक पत्रकार ने इस आशय का सवाल पूछ लिया। पत्रकार का सवाल इस संदर्भ में था कि 'ब्रिटेन के आर्मी चीफ ने पाकिस्तान आर्मी और सेना प्रमुख राहील शरीफ की बहुत तारीफ की है।
उनका कहना है कि पाकिस्तान आर्मी और सेनाध्यक्ष ने दहशतगर्दी के खिलाफ शानदार काम किया है। इन सब चीजों को मद्देनजर रखते हुए भविष्य में हम क्या यह सोच सकते हैं कि प्रधानमंत्री सेनाध्यक्ष का कार्यकाल बढ़ाएंगे? पाकिस्तानी पत्रकार के इस लंबे चौड़े सवाल का जवाब नवाज शरीफ ने सिर्फ तीन शब्दों में बेहद खामोशी के साथ दिया। जवाब था - कोई और सवाल।