पाकिस्तान में एक 35 वर्षीय हिंदू को व्हाट्सएप पर कथित ईश-निंदा सामग्री भेजने के चलते गिरफ्तार किया गया है। प्रकाश कुमार नाम के शख्स को बुधवार को बलूचिस्तान के लासबेला जिले से गिरफ्तार किया गया। लासबेला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिया मंदोखेल ने इस बात की पुष्टि की है कि स्थानीय लोगों द्वारा एक शिकायत के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि 'पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, मामले की जांच की जा रही है। साथ ही जिस फोन का इस्तेमाल आपत्तिजनक सामग्री भेजने के लिए किया गया था उसे भी जब्त कर लिया गया है।'
वहीं एक स्थानीय अदालत ने मामले में पूछताछ के लिए संदिग्ध को जेल भेजा है। बता दें कि कुमार हब में एक दुकान का मालिक है जहां स्थानीय लोगों ने इक्ठ्ठा होकर उनके विरोध में एक रैली का आयोजन किया। प्रदर्शनकारियों ने हब में एक पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर प्रकाश की दुकान को बंद करने की मांग की।
पाकिस्तान में ईशनिंदा एक संवेदनशील मामला है। यहां कई बार आरोप साबित नहीं होने पर भी भीड़ के हिंसक हो जाने की घटनाएं होती है। यह विवादास्पद कानून पाकिस्तान के सैन्य शासक जिया उल हक ने 1980 के दशक में पेश किया था।
वहीं अब तक सैकड़ों लोगों पर इसके तहत आरोप लगे हैं। विवादास्पद ईश निंदा कानूनों में बदलाव की मांग करने वाले पंजाब के गवर्नर सलमान तासीर की हत्या कर दी गई थी।