Yasin Malik with Mushal Hussain Malik
- फोटो : Agency (File Photo)
पाकिस्तान में गुरुवार को कार्यवाहक सरकार का गठन हो गया। नवनियुक्त कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकर की 18 सदस्यीय कैबिनेट को शपथ दिलाई गई। इस मंत्रिमंडल में अलगाववादी नेता यासीन मलिक की पत्नी मुशाल हुसैन मलिक को भी शामिल किया है।
मुशाल काकर की कैबिनेट में पूर्ण दर्जे वाले मंत्री नहीं होंगी। वह मानवाधिकार मामलों के लिए प्रधानमंत्री के विशेष सहायक के रूप में काम करेंगी।
2009 में अलगाववादी नेता यासीन मलिक से शादी
मशाल ने कई वर्षों तक कश्मीर और भारत विरोधी अभियान चलाया है। उन्होंने 22 फरवरी 2009 को रावलपिंडी में अलगाववादी नेता यासीन मलिक से शादी की। दोनों की मुलाकात तब हुई जब यासीन 2005 में पाकिस्तान के दौरे पर था। मुशाल ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से स्नातक की डिग्री हासिल की है।
उनकी मां रेहाना हुसैन मलिक पीएमएल-एन महिला विंग की महासचिव थीं, जबकि उनके पिता एमए हुसैन मलिक एक अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्री थे। हुसैन बॉन विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के प्रमुख थे और नोबेल पुरस्कार जूरी के पहले पाकिस्तानी सदस्य थे। मशाल इस्लामाबाद में अपनी 12 वर्षीय बेटी रजिया सुल्ताना के साथ रहती हैं।