भारतीय नौसेना को घेरने के लिए पाकिस्तान और चीन आपस में हाथ मिला रहे हैं। इसके लिए पाकिस्तानी नौसेना के आधुनिकीकरण और उसकी मारक क्षमता बढ़ाने में चीन मदद करेगा। पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख ने शुक्रवार को कहा कि अपनी नौसेना के आधुनिकीकरण के लिए पाकिस्तान चीन से चार आधुनिक फ्रिगेट (युद्धपोत) और 8 पनडुब्बियां खरीदेगा।
पाकिस्तान नौसेना ने आधुनिक रडार सिस्टम और लंबी दूरी की गाइडेड मिसाइलों से सुसज्जित चार फ्रिगेट की खरीद के लिए 2017 में चीन के साथ अनुबंध किया था। इनमें से पहला युद्धपोत अगस्त 2020 में लांच किया गया था, जबकि 29 जनवरी को चीन ने दूसरा फ्रिगेट लांच किया था।
चीनी नौसेना भी इसी तरह के 30 फ्रिगेट का इस्तेमाल अपने लिए कर रही है। पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख एडमिरल एम. अमजद नियाजी ने चीन के सरकारी स्वामित्व वाले अखबार ग्लोबल टाइम्स से कहा, आधुनिकीकरण की कवायद में पाकिस्तानी नौसेना अपने पुराने पड़ चुके मौजूदा प्लेटफार्म को मित्र देशों से अधिग्रहण के जरिये बदलेगी। इस कवायद में मित्र देशों से मिलने वाले प्लेटफार्म को पाकिस्तान के अंदर ही बनाने के लिए तकनीक का स्थानांतरण भी शामिल है।