पाकिस्तान के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री फवाद चौधरी ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि भारत में चुनावों के समापन तक यथास्थिति बनी रहेगी। उन्होंने कहा था, 'भारत में जब तक चुनाव पूरे नहीं हो जाते यह स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। जब तक वहां चुनाव पूरे नहीं हो जाते और नई सरकार नहीं बनती मुझे भारत और पाक के संबंध सुधरते नहीं दिखते। मेरे हिसाब से एक दूसरे द्वारा हवाई क्षेत्र में प्रतिबंध भी भारतीय चुनावों तक जारी रहेगा।'
भारत द्वारा अपने हवाई क्षेत्र में उड़ान प्रतिबंध के कारण, पाकिस्तान ने बैंकॉक, कुआलालंपुर के लिए अपने संचालन को निलंबित कर दिया है। इस वजह से उसे रोजाना लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ रहा है। पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) की कुआलालंपुर के लिए रोजाना चार, बैंकॉक और नई दिल्ली के लिए दो उड़ानें हैं।
पीआईए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कंपनी बहुत घाटे में जा रही है। खास तौर पर बैंकॉक और कुआलालंपुर के लिए उड़ानें रद्द होने से बहुत नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा, 'हम न केवल आर्थिक घाटे का सामना कर रहे हैं बल्कि अपने यात्री भी खो रहे हैं। अब इस मसले का हल हो जाना चाहिए। भारत और पाकिस्तान के बीच यदि सड़क और रेल मार्ग जारी रखे जा सकते हैं तो हवाई मार्ग में क्या दिक्कत है।