पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग ने पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बुखारी को 5 अरब पाकिस्तानी रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। पार्टी ने उनके आतंकवादी और गैर-कानूनी संगठन बताने वाले बयान पर आपत्ति जताते हुए सात दिन में माफी और पोस्ट हटाने की मांग की है। विवाद गुजरांवाला उपचुनाव के बाद बढ़ा, जहां पीएमएमएल ने नतीजों पर सवाल उठाए।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) ने गुरुवार को पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बुखारी को 5 अरब पाकिस्तानी रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। बुखारी के खिलाफ यह कार्रवाई पीएमएमएल को आतंकवादी और गैर-कानूनी संगठन बताने वाले उनके बयानों पर की गई। पीएमएमएल को अक्सर हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा (जेयूडी) का राजनीतिक मोर्चा माना जाता है। 26/11 मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड हाफिज सईद 2019 से लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद है।
बुखारी से आरोप वापस लेने की मांग
पार्टी अध्यक्ष खालिद मसूद सिंधु की ओर से भेजे गए नोटिस में बुखारी से आरोप वापस लेने, सार्वजनिक माफी मांगने और सोशल मीडिया से विवादित सामग्री हटाने को कहा गया है। इसके लिए उन्हें सात दिन का वक्त दिया गया है। पार्टी का आरोप है कि मंत्री ने सोशल मीडिया और टीवी पर उसे आतंकवादी प्रतिबंधित संगठन और गैर-कानूनी पार्टी कहा था। पीएमएमएल का कहना है कि वह चुनाव आयोग में पंजीकृत राजनीतिक दल है और 2022 से राजनीतिक व कल्याणकारी गतिविधियां कर रही है। साथ ही पीएमएमएल ने इलेक्ट्रॉनिक अपराध रोकथाम अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय साइबर अपराध जांच एजेंसी जाने की चेतावनी भी दी है।
उपचुनाव के बाद बढ़ा विवाद
इससे पहले बीते हफ्ते मुख्यमंत्री मरियम नवाज को भी पीएमएमएल ने इसी तरह का नोटिस भेजा था। यह विवाद 8 नवंबर को एनए-77 गुजरांवाला उपचुनाव के बाद बढ़ा। चुनावों में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के राशिद बशीर विर्क को 43,365 और पीएमएमएल के इब्राहिम गुज्जर को 30,218 वोट मिले। पीएमएमएल ने नतीजे खारिज कर 50 मतदान केंद्रों पर दोबारा गिनती की मांग की है।