पाकिस्तान ने लंबे समय से रुकी 100.68 अरब की अनुमानित लागत वाली छह प्रमुख विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें 16.5 अरब की राशि वाली करतारपुर कॉरिडोर की वास्तविक पोस्ट क्लीयरेंस परियोजना शामिल है। इसके तहत करतारपुर गुरुद्वारे के लिए कई विकास कार्य किए जा सकेंगे। लेकिन इस मंजूरी पर पूर्व मंत्री व कट्टरपंथी सांसद ने सवाल खड़े किए हैं।
पाकिस्तान ने 16.5 अरब रुपये की राशि को मंजूर कर करतारपुर कॉरिडोर के पुनर्निर्माण की पूरी तैयारी कर ली है। इसके तहत गुरुद्वारा साहिब परिसर की तीन एकड़ भूमि को 14 फीसदी बढ़ाकर आसपास के क्षेत्र का विकास किया जाएगा। इसके अलावा इसके आसपास की 104 एकड़ जमीन पर तीर्थयात्रियों के ठहरने और अन्य सुविधाओं के इंतजाम भी किए जाने हैं।
पाक राष्ट्रीय आर्थिक परिषद ने 15.23 अरब रुपये की लागत के बलूचिस्तान में विंदर बांध परियोजना को भी मंजूरी दे दी है। लासबेला जिले में विंदर नदी पर इस परियोजना को लेकर बलूचिस्तान सरकार काफी समय से दबाव डाल रही थी। लेकिन परिषद ने परियोजना को इस शर्त के साथ मंजूरी दी है कि स्थानीय सरकार द्वारा मुख्य परियोजना के समानांतर कमांड क्षेत्र विकास और भूमि अधिग्रहण के कदम उठाए जाएंगे।