मई महीने में संघर्ष के बाद पहली बार किसी भारतीय नेता ने पाकिस्तानी नेता से मुलाकात की है। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर के बीत हुई ये मुलाकात अनौपचारिक मुलाकात थी। दोनों नेता वहां खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे।
ढाका में भारत और पाकिस्तान के शीर्ष नेताओं के बीच एक संक्षिप्त लेकिन अहम बातचीत हुई है। यह मुलाकात पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बीच हुई। यह मुलाकात बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के अंतिम संस्कार के मौके पर ढाका में हुई। दोनों नेता वहां अन्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
हाथ मिलाकर किया अभिवादन
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली सचिवालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जब स्पीकर अयाज सादिक बांग्लादेश की संसद में खालिदा जिया के लिए रखी गई शोक पुस्तिका में संदेश लिख रहे थे, उसी दौरान विदेश मंत्री जयशंकर से उनकी मुलाकात हुई। दोनों ने हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया।
विज्ञापन
मई 2025 के टकराव के बाद पहली बड़ी उच्चस्तरीय पहल
पाकिस्तान ने इस मुलाकात को मई 2025 में हुए भारत-पाक तनाव के बाद दोनों देशों के बीच पहली महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय संपर्क बताया है। पाकिस्तान का कहना है कि यह पहल भारतीय पक्ष की ओर से हुई।
पाकिस्तान ने फिर दोहराए बातचीत के प्रयास
पाकिस्तानी बयान में कहा गया कि पाकिस्तान हमेशा से बातचीत, संयम, शांति प्रयासों पर जोर देता रहा है। इसके साथ ही उसने पहलगाम हमले (जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी) को लेकर संयुक्त जांच और शांति वार्ता के प्रस्ताव भी दोहराए।
सोशल मीडिया पर भी साझा की गई तस्वीर
इस मुलाकात की एक तस्वीर बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की गई। पोस्ट में लिखा गया कि ढाका में अंतिम संस्कार कार्यक्रम से पहले दोनों नेताओं ने आपस में शुभकामनाएं दीं।