रक्षा विशेषज्ञ ने अमर उजाला से कहा था AWACS को नुकसान पहुंचा है
हाल ही में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) राजेंद्र रामराव निंभोरकर ने अमर उजाला से बातचीत में कहा था कि भारत के ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान के AWACS (एयरबोर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम, जो लंबी दूरी के रडार सर्विलांस और एयर डिफेंस कंट्रोल और कमांड के काम आता है) को नुकसान पहुंचा है। यह पाकिस्तान को बड़ा नुकसान होगा। AWACS कई सारी गतिविधियों को नियंत्रित करता है। अगर ये नष्ट हो गया तो उनकी आधी शक्ति खत्म हो जाएगी।
पढ़ें पूरी खबर
भारत ने दागी थीं 15 ब्रह्मोस मिसाइल
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर गुरुवार को बड़ा खुलासा हुआ था। बताया गया था कि करीब 15 ब्रह्मोस मिसाइलें दागकर भारत ने पाकिस्तान के एयरबेसों को नेस्तनाबूद कर दिया। नौ और 10 मई की रात को भारत ने पाकिस्तान के 12 में से 11 एयरबेस पर हमले किए और उसके चीनी एयर डिफेंस सिस्टम को ध्वस्त कर दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को गुजरात के भुज में कहा था कि हमारे ब्रह्मोस की ताकत पूरी दुनिया ने देख ली है। पाकिस्तान पर हमारी मिसाइल कहर बनकर बरसी है।
ब्रह्मोस और स्कैल्प मिसाइलों ने मचाई भारी तबाही
सूत्रों ने बताया था कि इन हमलों में भारत ने अपनी सबसे शक्तिशाली ब्रह्मोस मिसाइल का इस्तेमाल किया। भारतीय वायुसेना ने करीब 15 ब्रह्मोस मिसाइलें पाकिस्तानी एयरबेस पर दागीं। ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों और राफेल लड़ाकू विमानों से छोड़ी गई स्कैल्प मिसाइलों ने पाकिस्तान में खूब तबाही मचाई। इन मिसाइलों ने उसकी विमान संचालन नेटवर्क और अन्य क्षमताओं को ध्वस्त कर दिया। अचानक हुए इन हमलों से पाकिस्तान थर्रा गया। ऐसा पहली बार हुआ कि भारत ने ब्रह्मोस मिसाइल का प्रयोग किसी सक्रिय संघर्ष में किया। भारत ने अपनी सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की ताकत दिखाई।
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हमले किए। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पाहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में की गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की, जिनका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा, जिनमें एयर बेस, रडार साइट्स, और कमांड सेंटर शामिल हैं।