न्यू मैक्सिको में जंगल की आग के कारण 5000 लोग विस्थापित
रुइदोसो गांव के निकट मंगलवार को भड़की आग शनिवार तक 70 वर्ग मील (181 वर्ग किमी) में फैल चुकी है। यहां दो लोगों की मौत हो गई और 240 मकान खाक हो चुके हैं। रुइदोसो एक पर्यटक स्थल है, जहां हर साल इन दिनों में हजारों पर्यटक और घुड़सवारी के शौकीन जुटते हैं।
रुइदोसो के पर्वतीय समुदाय के 5,000 लोगों को आग की वजह से वहां से निकाला गया और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अमेरिका के टेक्सास, ओक्लाहोमा व कोलोराडो में भी दमकलकर्मी भीषण आग की घटनाओं से जूझ रहे हैं। कोलोराडो स्थित बोल्डर के लगभग 18 मील (29 किलोमीटर) उत्तर लियोन के पास रॉकी माउंटेन के पूर्वी मोर्चे के निकट शुक्रवार को भड़की आग के कारण वहां से लोगों को निकालना पड़ा।
स्कूल में नेट टाई न पहने शिक्षक-छात्र : तालिबान
अफगानिस्तान में तालिबान ने नए फरमान में छात्रों और शिक्षकों से स्कूलों में नेक टाई पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया है। शैक्षिक निदेशालय, शिक्षा मंत्रालय, अफगानिस्तान ने एक आधिकारिक पत्र में यह आदेश दिया है।
हालांकि, काबुल शिक्षा विभाग के प्रमुख एहसानुल्लाह खताब ने कहा, शिक्षा विभाग द्वारा हिजाब और नेकटाई के संबंध में जारी आधिकारिक आदेश सिर्फ निर्देश था। जबकि शिक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता अजीज अहमद रायन ने कहा कि स्कूलों में टाई पहनने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जब से तालिबान ने देश पर कब्जा किया है, देश की महिलाएं सबसे ज्यादा पीड़ित हैं। उनके काम पर जाने के साथ-साथ शिक्षा पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। तालिबान ने काबुल के सभी स्कूलों को महिला छात्रों के लिए इस्लामी हिजाब का बारीकी से अनुसरण करने के लिए कहा है। उसने हाल ही में घोषणा की है कि लड़कियों के स्कूलों को फिर से खोलने की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के करीब हैं और योजना तैयार होने के बाद स्कूलों को फिर से खोल दिया जाएगा।