पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ
- फोटो : Social Media
पाकिस्तान इस समय भारी आर्थिक संकट के बीच फंसा है। देश का मुद्रा भंडार तेजी से कम हो रहा है। नौ दौर की वार्ता के बाद भी आईएमएफ से बेलआउट पैकेज पर सहमति नहीं बन पाई है। इसलिए, महंगाई भी देश के इतिहास के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस बीच, देश के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ अल्प विकसित देशों (एलडीसी) पर पांचवें संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए कतर जाएंगे। शरीफ की यात्रा दो दिवसीय होगी।
देश के विदेश मंत्रालय की ओर से एक बयान में कहा गया है कि पांच से नौ मार्च तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में अल्प विकसित देशों में सतत विकास को गति देने के कदमों पर विचार किया जाएगा, जिससे उन्हें समृद्धि की राह पर प्रगति करने में मदद मिलेगी। शरीफ को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी ने आमंत्रित किया है।
Pakistan: पश्चिम और चीन की होड़ में फंसे पाकिस्तान को जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री दोहा में सम्मेलन से इतर भाग लेने वाले नेताओं और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें और बातचीत करेंगे। बयान में आगे कहा गया है, पाकिस्तान दुनिया भर में सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक दक्षिण (ग्लोबल साउथ) की सामूहिक आवाज को बढ़ाने के लिए संयुक्त राष्ट्र के मंचों पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
इसमें आगे कहा गया है, सम्मेलन में शरीफ की भागीदारी सामाजिक प्रगति और आर्थिक समृद्धि की खोज में सबसे कम विकसित देशों के साथ पाकिस्तान के समर्थन और एकजुटता का संकेत देगी।
बयान में कहा गया है, पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र 2030 विकास एजेंडा और सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को आगे बढ़ाने के लिए दक्षिण-दक्षिण सहयोग के ढांचे के भीतर कार्यान्वयन के प्रभावी साधनों के आधार पर वैश्विक साझेदारी को पुनर्जीवित करने का समर्थन करता है। वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र द्वारा अल्प विकसित देशों (एलडीसी) के रूप में नामित 46 अर्थव्यवस्थाएं हैं।