पाकिस्तान की राजधानी में एक मेडिकल कॉलेज ने अपने स्टूडेंट्स को वैलेंटाइन डे पर दिशानिर्देश जारी किए हैं। इनमें लड़कियों को हिजाब पहनने और लड़कों को नमाज वाली सफेद टोपी पहनने के लिए कहा गया है। इसके अलावा लड़कों को लड़कियों से दो मीटर की दूरी बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।
पाकिस्तान के अखबार ‘फ्राइडे टाइम्स’ की खबर के मुताबिक, "इस्लामाबाद इंटरनेशनल मेडिकल कॉलेज ने शनिवार को एक नोट जारी कर विद्यार्थियों को वैलेंटाइन डे समारोहों और इससे जुड़ी ऐसी गतिविधियां, जो युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाती हैं, उनमें शामिल होने से मना किया गया है।
नोट में कहा गया है, ‘‘सभी छात्राओं को विश्वविद्यालय ड्रेस कोड के अनुसार हिजाब के साथ सिर, गर्दन और छाती को अच्छी तरह से ढंके हुए होना चाहिए। सभी छात्रों को नमाज वाली सफेद टोपी पहनने का सख्त आदेश दिया गया है।’’
वैलेंटाइन डे मनाने से रोकने के लिए गश्त करेंगे स्टाफ के लोग
परिपत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि इन दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले विद्यार्थियों को पकड़ने के लिए कॉलेज स्टॉफ के सदस्य परिसर में गश्त करेंगे। कॉलेज के परिपत्र के हवाले से खबर में कहा गया है कि इन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। कॉलेज 1996 में स्थापित किया गया था, और रिफा इंटरनेशनल विश्वविद्यालय से संबद्ध एक मेडिकल स्कूल है।